यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर महापौर ने लखनऊवासियों, सफाई मित्रों एवं नगर निगम की टीम को दी बधाई
लखनऊ। जोन-3 स्थित महानगर कल्याण मंडप में पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी उपस्थित रहीं। इस दौरान उन्होंने पथ विक्रेता भाई-बहनों को संबोधित करते हुए पीएम स्वनिधि योजना के लाभों की जानकारी दी और उन्हें योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मा० पार्षद श्री राकेश मिश्रा जी, श्री के.एन. सिंह जी, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री रमाशंकर त्रिपाठी जी, पार्षद प्रतिनिधि श्री सुनील शंखधर जी, अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय/परियोजना अधिकारी डूडा लखनऊ श्री प्रदीप कुमार विमल जी, महानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री अखिलेश मिश्रा जी सहित अन्य लाभार्थीगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय/परियोजना अधिकारी डूडा लखनऊ श्री प्रदीप कुमार विमल जी द्वारा मंचासीन अतिथियों एवं उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया गया। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के उद्देश्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने सबसे पहले ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में लखनऊ नगर निगम द्वारा देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सभी लखनऊवासियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों और सफाई मित्रों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शहर के नागरिकों की सहभागिता, सफाई मित्रों की मेहनत और नगर निगम की पूरी टीम के लगातार प्रयासों का परिणाम है।
महापौर ने कहा कि रेहड़ी-पटरी लगाने वाले छोटे व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। फल-सब्जी विक्रेता, चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले, ठेला लगाने वाले, सिलाई और कारीगरी जैसे छोटे व्यवसायों से जुड़े लोग अपनी मेहनत से न केवल अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, बल्कि शहर की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2020 में पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की थी। इस योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के अंतर्गत प्रथम ऋण के रूप में 15 हजार रुपये तक, द्वितीय ऋण के रूप में 25 हजार रुपये तक और तृतीय ऋण के रूप में 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज में छूट के साथ डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन भी दिया जाता है।
*लखनऊ में 1.33 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला प्रथम ऋण*
महापौर ने योजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद लखनऊ में अब तक 1,33,313 पथ विक्रेताओं को प्रथम ऋण, 51,025 पथ विक्रेताओं को द्वितीय ऋण तथा 9,501 पथ विक्रेताओं को तृतीय ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके साथ ही 1,02,731 पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन से जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि बैंक से प्राप्त ऋण का उपयोग अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में करें और समय पर ऋण का भुगतान सुनिश्चित करें, जिससे भविष्य में उन्हें और अधिक आर्थिक सहायता मिल सके। साथ ही यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान अपनाकर अपने व्यापार को आधुनिक बनाएं।
महापौर ने कहा कि हमारा संकल्प है कि लखनऊ का कोई भी पात्र पथ विक्रेता सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रत्येक छोटे व्यापारी को आगे बढ़ने का अवसर मिले, उसका व्यवसाय बढ़े और उसका परिवार खुशहाल बने।
उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम, बैंक अधिकारियों एवं योजना से जुड़े सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। महापौर ने सभी से आत्मनिर्भर लखनऊ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करने की अपील की।