यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज तथा प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल के साथ डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद (गुजरात) का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विश्वविद्यालय द्वारा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों, उपलब्धियों एवं नवाचारपूर्ण पहलों का अवलोकन कर उनके अनुभवों एवं कार्यप्रणालियों को समझना था।
इस अवसर पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद की कुलपति प्रो. अमी उपाध्याय ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों एवं विभिन्न नवाचारपूर्ण पहलों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। राज्यपाल जी एवं शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्था एवं प्रबंधन की सराहना की।
संवाद के दौरान राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित उपलब्धियों तथा प्रदेश की उच्च शिक्षा के विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी सांख्यिकीय आंकड़ों सहित प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति, सुव्यवस्थित नियोजन एवं सक्रिय जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उच्च शिक्षा के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राज्यपाल जी ने आंगनबाड़ी स्तर से लेकर विश्वविद्यालयी शिक्षा तक शैक्षणिक विकास की निरंतर यात्रा, निर्धारित उद्देश्यों की प्राप्ति तथा जनसहभागिता के माध्यम से प्राप्त परिणामों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेश में बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनमें संस्कारों के विकास, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति की क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित विभिन्न प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की मलिन बस्तियों में निवास करने वाले बच्चों को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने तथा विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन, नागरिक निर्माण एवं जनजागरूकता का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी वर्गों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल जी ने उत्तर प्रदेश के जन भवन में समावेशी एवं समानतापूर्ण वातावरण के निर्माण के लिए संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी भी दी। उन्होंने जातिगत भेदभाव से मुक्त वातावरण का निर्माण, सामूहिक भोज, सामूहिक श्रम की भावना को प्रोत्साहन, अस्पृश्यता का उन्मूलन तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक समरसता, समानता एवं सहभागिता के सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करना आवश्यक है। उनके विचारों एवं अनुभवों ने उपस्थित प्रतिनिधिमंडल को शिक्षा के माध्यम से समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल जी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने देशभर में दूरस्थ शिक्षा एवं ऑनलाइन शिक्षा के विस्तार तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद की कुलपति प्रो. अमी उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि हम यहां सीखने के उद्देश्य से आए हैं। जहां से भी कुछ नया सीखने का अवसर प्राप्त हो, उसे अवश्य ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने संस्थानों के मध्य अनुभवों के आदान-प्रदान एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
भ्रमण के दौरान राज्यपाल जी की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद, प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय तथा उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपतियों के मध्य शैक्षणिक सहयोग एवं समन्वय को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। इस पहल से तीनों विश्वविद्यालयों के मध्य शैक्षणिक गतिविधियों, अनुभवों एवं नवाचारों के आदान-प्रदान तथा भविष्य में परस्पर सहयोग के नए अवसर विकसित होने की अपेक्षा है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अमी उपाध्याय ने गुजरात की तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा किए गए महत्वपूर्ण योगदान का स्मरण किया। उन्होंने विशेष रूप से विश्वविद्यालय के ज्योतिर्मय परिसर की स्थापना में उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं उद्घाटन संबंधी भूमिका का उल्लेख किया।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय के भ्रमण को महत्वपूर्ण एवं उपलब्धिपरक अनुभव बताया। उन्होंने विश्वविद्यालय के ज्योतिर्मय परिसर के शैक्षणिक अवलोकन को उपयोगी बताते हुए कौशल आधारित पाठ्यक्रमों की प्रासंगिकता एवं महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय, अहमदाबाद के साथ शैक्षणिक सहयोग को दीर्घकालिक एवं प्रभावी संबंधों में विकसित करने की इच्छा व्यक्त की।