यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
धमकियों और दबाव की राजनीति नहीं, संविधान और कानून के सम्मान से चलता है लोकतंत्र : डॉ. राजेश्वर सिंह
सपा शासन में तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार प्रदेश की पहचान रहे, जनता विकास और सुशासन के साथ : डॉ. राजेश्वर सिंह
समाजवादी पार्टी 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी- डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे अधिकारियों को धमकाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
डॉ. सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास जी की चौपाई —
“सूर समर करनी करहिं, कहि न जनावहिं आपु।
बिद्यमान रन पाइ रिपु, कायर कथहिं प्रतापु॥”
का उल्लेख करते हुए कहा कि वीरता का परिचय शब्दों से नहीं, कर्मों से दिया जाता है। उन्होंने कहा कि “छठी का दूध याद दिला देंगे”, “अगला पड़ाव कारागार” और अधिकारियों के परिवारों को सामाजिक प्रताड़ना की धमकी देने जैसी भाषा किसी पूर्व मुख्यमंत्री के सार्वजनिक पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
दार्शनिक एरिक हॉफ़र के विचार “Rudeness is the weak man’s imitation of strength” का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि अशिष्टता और धमकी ताकत का नहीं, बल्कि असुरक्षा और कमजोरी का प्रदर्शन हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत Form 6 पर कार्य कर रहे अधिकारियों को धमकाना लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने का प्रयास है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी आपत्ति के लिए Form 7 और निर्वाचन आयोग के समक्ष कानूनी विकल्प उपलब्ध हैं। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन अधिकारियों को डराने और धमकाने का नहीं।
डॉ. सिंह ने भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसे लागू करने वाले लोग कितनी निष्ठा और ईमानदारी से उसका पालन करते हैं। ऐसे में एक ओर ‘जय संविधान’ का नारा देना और दूसरी ओर संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करने वाले अधिकारियों को धमकाना दोहरे राजनीतिक चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि कानून की सर्वोच्चता लोकतंत्र की बुनियाद है। “No man is above the law and no man is below it.” अर्थात कानून से ऊपर कोई नहीं है और कोई भी कानून से नीचे नहीं है। यह सिद्धांत सभी पर समान रूप से लागू होता है, चाहे व्यक्ति कितना ही बड़ा राजनीतिक पद क्यों न रखता हो।
सपा के पूर्व शासनकाल पर सवाल उठाते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को भूली नहीं है।
डॉ. सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के सुशासन में विकास, सुरक्षा, निवेश और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश की जनता ने तुष्टीकरण की राजनीति और विकास की राजनीति के बीच अंतर स्पष्ट रूप से देखा है।
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने सपा प्रमुख को चुनौती देते हुए कहा, “मेरी बात लिख लीजिए, आपकी पार्टी 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उत्तर प्रदेश की जनता धमकी और नकारात्मक राजनीति नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को चुनेगी।”