यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में आज जन भवन के गांधी सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जन भवन के अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का दिन नहीं, बल्कि इसके मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जन भवन में सभी कार्य संविधान की भावना को ध्यान में रखकर किए जाते हैं। जन भवन में स्थापित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में वंचित परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो समानता के अधिकार और सामाजिक समरसता की भावना का उदाहरण है।
राज्यपाल जी ने कहा कि हमारा संविधान हमें मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ देश, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों का संतुलन ही एक सशक्त समाज का आधार है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के माध्यम से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य समाज में असमानता को कम करना और प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ अपने कर्तव्यों को भी कभी नहीं भूलना चाहिए। संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार रखने का अधिकार है, लेकिन अपनी बात शालीन, मर्यादित एवं सम्मानजनक भाषा में रखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बच्चों को अभिव्यक्ति के अधिकार के सही उपयोग तथा मर्यादित संवाद के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाए।
राज्यपाल जी ने कहा कि देश में अनेक ऐसे लोग हैं, जो देश सेवा और समाज सेवा के लिए निःशुल्क योगदान दे रहे हैं। हमें भी अपने कार्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यशैली में निरंतर सुधार एवं सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
राज्यपाल जी ने कहा कि इस बात पर विचार-विमर्श होना चाहिए कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए और क्या प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र की नियमितता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक सत्र में 90 दिन की कक्षाएं अनिवार्य रूप से संचालित होनी चाहिए। इसके लिए जून माह में ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जानी चाहिए, ताकि निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि 90 दिन की पढ़ाई प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और सभी शिक्षण संस्थानों को इस दिशा में गंभीरता से विचार करना चाहिए।
राज्यपाल जी ने बताया कि जन भवन में भारतीय संविधान की मूल प्रति सुरक्षित रखी गई है। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को संविधान देखने और पढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि वे अपने बच्चों को भी संविधान की मूल प्रति दिखाएं तथा उन्हें संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों से परिचित कराएं।
कार्यक्रम में ‘भारत का संविधान’ में वर्णित मौलिक अधिकारों पर व्याख्यान देते हुए सुश्री रेखा अग्निहोत्री, निदेशक, उत्तर प्रदेश न्यायिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान ने कहा कि मौलिक अधिकार भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। ये अधिकार प्रत्येक नागरिक के सम्मान, स्वतंत्रता और समान अवसरों की रक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संस्कृति एवं शिक्षा संबंधी अधिकार तथा संवैधानिक उपचारों के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह संवैधानिक संरक्षण के प्रति जागरूक रह सके।
वहीं ‘भारत का संविधान’ में वर्णित मौलिक कर्तव्यों पर व्याख्यान देते हुए श्री अंकुर गर्ग, उप निदेशक, उत्तर प्रदेश न्यायिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान ने कहा कि संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति उसके दायित्वों का बोध कराते हैं। उन्होंने मौलिक कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान, राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करना, देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को बढ़ावा देना, पर्यावरण का संरक्षण करना तथा सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण एवं व्यवहार में संवैधानिक मूल्यों को अपनाना चाहिए।
दोनों वक्ताओं ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त इस अधिकार के अंतर्गत अपने विचारों एवं भावनाओं को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करना चाहिए, लेकिन अभिव्यक्ति के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है कि हमारी बातों अथवा विचारों से देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सम्मान को किसी प्रकार की ठेस न पहुंचे। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी और मर्यादा का पालन भी जरूरी है। हमें अपने विचार शालीन, सकारात्मक एवं सम्मानजनक भाषा में प्रस्तुत करने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने दोनों वक्ताओं से प्रश्न पूछे, जिनका वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों में अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को मजबूत करना रहा।