दुर्घटना में युवक की मृत्यु पर नगर निगम ने दिखाई संवेदनशीलता, आर्थिक सहायता सहित आवास और रोजगार की घोषणा

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: लखनऊ के आवास विकास क्षेत्र स्थित वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-9 में मंगलवार को हुई एक बेहद दुखद सड़क दुर्घटना में गोपाल खेड़ा निवासी युवक अनुज की असमय मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद नगर निगम लखनऊ ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता, आवास एवं रोजगार देने की घोषणा की है।

नगर निगम लखनऊ की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल ₹4,00,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, साथ ही ₹5,00,000 की अतिरिक्त सहायता हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी को संस्तुति भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त, परिवार को डूडा योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और यदि परिवार द्वारा अपने किसी सदस्य के लिए कोई रोजगार की मांग की जाती है तो नगर निगम में कार्यदाई संस्था के माध्यम से योग्यता के क्रम में सेवायोजन के लिए भी कार्यवाही की जाएगी।

घटना के तुरंत बाद माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने इस दुर्घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार और श्री अरुण कुमार गुप्त को पीड़ित परिवार से मिलने और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुधवार को अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्री अरुण कुमार गुप्त, उद्यान अधीक्षक श्री शशिकांत शशि और जोनल अधिकारी श्री अजीत राय ने पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता की औपचारिकता पूरी की।

नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मंगलवार को उद्यान विभाग की टीम वृक्षों की नियमित छंटाई के लिए स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर पूर्व नियोजित कार्य कर रही थी। छंटाई कार्य स्थल पर रस्सी से बैरिकेडिंग की गई थी और कर्मचारी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्यरत थे। उसी दौरान, कार्यस्थल से लगभग 50 मीटर पहले एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया, जिससे अनुज को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद निगम के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में हरसंभव सहायता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *