स्मार्ट सिटी के तहत बदल रहा कैसरबाग चौराहे का चेहरा, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

– नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण, सीवर सुधार, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर ज़ोर

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के व्यस्ततम और ऐतिहासिक कैसरबाग चौराहे का अब कायाकल्प होने जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत फंडेड इस प्रोजेक्ट में नगर निगम लखनऊ द्वारा चौराहे के समग्र सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण हटाने, सीवर व्यवस्था सुधार और बिजली तारों को भूमिगत करने जैसे अहम कार्य तेज़ी से कराए जा रहे हैं।

मंडलायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कैसरबाग चौराहे पर चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, नगर निगम के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

इस निरीक्षण में लेसा, जलकल, पीडब्ल्यूडी, ट्रैफिक पुलिस, स्मार्ट सिटी और एलडीए की टीमों ने भी हिस्सा लिया। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया गया ताकि यह प्रोजेक्ट समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा हो सके।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि बिजली के खुले तारों के मकड़जाल को हटाकर उन्हें पूरी तरह से अंडरग्राउंड किया जाए, ताकि क्षेत्र की सौंदर्य और सुरक्षा दोनों में सुधार हो। इसके साथ ही पुरानी और जर्जर इमारतों की फ़सार्ड लाइटिंग, टाइल्स लगाना और भित्ति सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त, कैसरबाग में नया पार्किंग स्थल भी विकसित किया गया है जिसकी मार्किंग का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही नगर निगम द्वारा इसे किराए पर देकर स्थानीय यातायात व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।

चौराहे की जल निकासी और सीवर की समस्या को देखते हुए जलकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सीवर सफाई और लाइन मरम्मत के कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से नागरिकों को निजात मिल सके।

यह स्मार्ट सिटी से फंडेड प्रोजेक्ट न केवल कैसरबाग की भौतिक सुंदरता को निखारेगा, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवेश भी प्रदान करेगा। नगर निगम के इन प्रयासों से लखनऊ को आधुनिक और स्मार्ट शहर की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम योगदान मिलेगा।

इस प्रकार कैसरबाग चौराहा स्मार्ट सिटी मिशन के तहत लखनऊ के सबसे आकर्षक चौराहों में से एक के रूप में उभरेगा, जहां सौंदर्य, सुव्यवस्था और स्वच्छता का आदर्श मेल देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *