यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
– परिवारों को मिला सहारा, महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा – यह संवेदनशील प्रशासन की पहचान है
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के मुख्यालय में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब नगर निगम में सेवा दे चुके दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर की माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने स्वयं सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें नगर निगम परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्रीमती नम्रता सिंह और डॉ. अरविंद कुमार राव समेत निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही नगर निगम के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस फैसले का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कुल आठ मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। ये सभी नियुक्तियाँ नगर निगम की विभिन्न कक्ष समितियों और विभागों में सफाई कर्मचारी (स०कर्मी) के रूप में की गई हैं। जिन अभ्यर्थियों को यह नियुक्तियाँ दी गईं, उनके नाम निम्नलिखित हैं:
1. कर्मचारी श्री ओम प्रकाश दीक्षित के आश्रित श्री मयंक दीक्षित
2. श्री विक्की राठौर के आश्रित श्री सागर राठौर
3. श्री मुन्ना लाल के आश्रित श्री दीपक कुमार
4. श्री राम जीवन के आश्रित श्री आनंद कुमार
5. श्री सुर्यपाल के आश्रित श्री मनीष कुमार
6. श्री गौरी शंकर के आश्रित श्रीमती सुमन
7. श्री रामबिलास के आश्रित श्री ब्रिजेंद्र कुमार रावत
8. श्री कृष्ण कुमार के आश्रित श्री अजय कुमार यादव
इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि यह नगर निगम का दायित्व है कि वह अपने दिवंगत साथियों के परिवारों का सहारा बने। मृतक कर्मचारियों ने अपने जीवन में नगर की सेवा की, और अब उनके परिजनों को रोजगार देकर नगर निगम उनका मान रख रहा है। यह निर्णय नगर निगम की संवेदनशीलता और मानवता दर्शाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारीगणों ने सभी नव नियुक्त कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नगर निगम की सेवा में जुटें और अपने दिवंगत परिजन की सेवा भावना को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों ने नगर निगम की इस सकारात्मक पहल की सराहना की।