ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
– नगर निगम लखनऊ ने तत्परता दिखाते हुए किया सराहनीय कार्य, क्षेत्रीय नागरिकों ने की प्रशंसा
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा एक बार फिर अपनी तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक असाधारण घटना में फंसी गाय को सकुशल रेस्क्यू कर जान बचाई गई। यह घटना अली कॉलोनी, मंजू टंडन ढाल के पास की है, जहाँ एक गाय रहस्यमयी तरीके से एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ गई थी। इस दृश्य को देखकर स्थानीय निवासियों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्थानीय पार्षद श्री गुलशन अब्बास रिज़वी को क्षेत्रवासियों द्वारा गाय की जानकारी दी गई। चौथी मंजिल पर एक भारी-भरकम गाय को देखकर लोग भयभीत हो गए थे और अपने घरों से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे थे। लोगों को आशंका थी कि कहीं गाय फिसलकर गिर न जाए, जिससे उसके साथ ही नीचे मौजूद लोगों की जान को भी खतरा हो सकता था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्षद श्री गुलशन अब्बास रिज़वी द्वारा तुरंत नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डॉ. वर्मा ने तत्काल अपनी टीम को घटनास्थल पर भेजा। विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कैटल कैचिंग दस्ते द्वारा बेहद सतर्कता और सावधानी के साथ गाय को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान न केवल गाय को सुरक्षित नीचे उतारा गया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया गया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की अफरा-तफरी या हादसा न हो।
रेस्क्यू के बाद उक्त गाय को नगर निगम की गौशाला में भेजा गया, जहाँ उसकी देखरेख और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली और नगर निगम के प्रति आभार जताया।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि नगर निगम लखनऊ निराश्रित गोवंश की रक्षा, देखभाल एवं पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की टीम नियमित रूप से इस प्रकार की सूचनाओं पर सक्रियता दिखाते हुए पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।