यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को एक सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
नगर निगम के जोन-05 क्षेत्र अंतर्गत कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन से सहसोवीर मंदिर होते हुए विजय नगर मोड़ से यातायात पार्क तक अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे और फुटपाथों पर लगाए गए अस्थायी अवैध ठेले, ठेलियां, खुमचे, गुमटियां एवं काउंटर हटाए गए। अभियान में कुल 08 ठेले, 04 गुमटियां और 06 काउंटर हटाए गए। इसके साथ ही 03 प्लास्टिक की क्रेट और 03 लोहे के बोर्ड जब्त किए गए।
नगर निगम द्वारा अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी दी गई। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 1000 रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के उपयोग के मामले में 3000 रुपये का अतिरिक्त शमन शुल्क भी लगाया गया।
यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्रीमती रुचि यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल ने सक्रिय रूप से सहयोग किया।