यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– बंधा रोड स्थित निर्माणाधीन आरआर वर्कशॉप, कश्मीरी मोहल्ला स्कूल और अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में चल रहे कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंधा रोड, जोन-7 स्थित निर्माणाधीन आरआर वर्कशॉप, जोन-6 स्थित कश्मीरी मोहल्ला स्कूल तथा अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्ता जी, मुख्य लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल जी उपस्थित रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
*निर्माणाधीन आरआर वर्कशॉप का निरीक्षण*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने बंधा रोड, जोन-7 में निर्माणाधीन नए आरआर वर्कशॉप का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि वर्कशॉप का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।
*कश्मीरी मोहल्ला स्कूल में विज्ञान एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी का अवलोकन*
इसके बाद नगर आयुक्त जी ने जोन-6 स्थित कश्मीरी मोहल्ला स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान एवं क्राफ्ट के मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों की ओर से तैयार किए गए मॉडलों को देखा और स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त श्री अरुण गुप्ता जी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*डिग्री कॉलेज में धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश*
निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने संबंधित परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं लाने की स्थिति में भविष्य में ठेकेदार को डिबार करने की कार्रवाई पर भी विचार करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराएं।