नगर निगम का अतिक्रमण पर सख्त प्रहार, कई प्रमुख मार्ग हुए अतिक्रमण मुक्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नगर आयुक्त महोदय के निर्देश पर शहर के विभिन्न जोनों में चला व्यापक अभियान

लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार को सघन और बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह अभियान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों, फुटपाथों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर आमजन को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम की विभिन्न टीमों ने शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को शहर के अलग-अलग जोनों में एक साथ कार्रवाई करते हुए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमण को हटाया। इस अभियान से कई व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

*जोन-03 में निशान्तगंज करामत मार्केट क्षेत्र में कार्रवाई*

नगर निगम जोन-03 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में 296 प्रवर्तन दल एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निशान्तगंज करामत मार्केट के सामने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से संचालित लगभग पांच फर्नीचर दुकानों तथा दस फल एवं सब्जी की गुमटियों को हटाया गया। इसके साथ ही एक ठेला, एक लोहे एवं लकड़ी की बेंच, दो पानी की पेटियां, एक लकड़ी की पेटी सहित अन्य अवैध सामग्री जब्त की गई। अभियान के बाद क्षेत्र में पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई।

*जोन-05 में अवध चौराहे से बंगला बाजार तक अभियान*

इसी क्रम में नगर निगम जोन-05 क्षेत्र के अंतर्गत अवध चौराहे से वीआईपी रोड पकरी ढाल होते हुए बंगला बाजार चौराहे तक सड़क की दोनों पटरियों पर किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ठेला, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर जैसे अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई में कुल आठ ठेले, तीन गुमटियां और चार काउंटर हटाए गए।

अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही अतिक्रमण के विरुद्ध 900 रुपये शमन शुल्क तथा गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के मामलों में 5,500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। यह अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्रीमती रूचि यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

*जोन-07 में नालियों और सड़कों से हटाया गया अतिक्रमण*

नगर आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जोन-07 क्षेत्र में भी जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में व्यापक अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई शालीमार चौराहे से शेखर अस्पताल तक, सुषमा अस्पताल से हाईकोर्ट के सामने तक तथा भूतनाथ मार्केट से फूल मंडी तक की गई। अभियान के दौरान नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए।

कार्रवाई में एक ठेलिया, एक लकड़ी की मेज, एक गैस सिलेंडर और दो प्लास्टिक टेबल जब्त किए गए, जबकि पांच काउंटर, चार ठेले, तीन ठेलिया और दो गुमटियां हटाई गईं। इस दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम तथा 296 प्रवर्तन दल के कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *