यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पटना में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने सनसनीखेज तरीके से एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. जानकारी के अनुसार, घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र स्थित विकास विहार कॉलोनी के ऊफरपूरा इलाके की है. बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने सुनील कुमार को निशाना बनाकर गोली मार दी. जहां उसकी मृत्यु हो गई.पुलिस के मुताबिक, मृतक सुनील कुमार हाल ही में बेऊर जेल से जमानत पर बाहर आया था. उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या आपराधिक वर्चस्व को लेकर घटना की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.पटना के सिटी एसपी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अपराधियों द्वारा फायरिंग की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की गई. घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है.