यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
मुजफ्फरपुर में बवाल देखने को मिला है. जिले के पियर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव में शुक्रवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस पर सरपंच से मारपीट का आरोप लगा, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. जानकारी के अनुसार, पियर थाना की पुलिस बड़गांव में नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक युवक को पुलिस ने रोका और उससे पूछताछ शुरू की. तभी स्थानीय सरपंच लाल बाबू सहनी मौके पर पहुंचे और युवक को छोड़ने की मांग करने लगे. इसी बात को लेकर पुलिस और सरपंच के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सरपंच की सरेआम पिटाई कर दी. सरपंच के साथ मारपीट की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और युवा सड़कों पर उतर आए.आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प व धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरा के एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला.