विद्युत विभाग एवं नगर निगम के बीच समन्वय बैठक, सीएम ग्रिड व स्वच्छता अभियानों को लेकर लिए गए अहम निर्णय

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विद्युत विभाग (लेसा) एवं नगर निगम के आरआर विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहर में चल रही विकास एवं स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाओं में आपसी समन्वय को और सुदृढ़ करना तथा लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

बैठक में नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, मुख्य अभियंता (आरआर) श्री मनोज प्रभात सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विद्युत विभाग की ओर से लेसा के मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए), लायन एनवायरो तथा सीएम ग्रिड परियोजना से जुड़े कार्यों की निगरानी कर रहे अधिकारी भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि 07 फरवरी को माननीय जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लेसा व नगर निगम के बीच जुड़े कई अहम विषय माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा उठाए गए थे। उन्हीं मुद्दों के क्रम में सोमवार को यह समन्वय बैठक जिलाधिकारी महोदय के आदेश पर आयोजित की गई, ताकि संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बैठक के दौरान लखनऊ स्वच्छता अभियान संस्था द्वारा लिए गए बिजली कनेक्शनों के लोड बढ़ाने के मामलों पर विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि एलएसए के कुल 12 बिजली कनेक्शनों के लोड बढ़ाने हेतु आवेदन काफी समय पहले लेसा को सौंपे जा चुके हैं, किंतु अब तक उन पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। नगर आयुक्त ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए लेसा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण किया जाए। लेसा के अधिकारियों ने एलएसए के प्रतिनिधियों को ऑनलाइन माध्यम से पुनः आवेदन कर उसकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे लोड बढ़ाने की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके।

इसके अलावा बैठक में लेसा द्वारा रोड कटिंग से संबंधित कार्यों के लिए समयबद्ध अनुमति प्रदान किए जाने का अनुरोध भी किया गया। इस पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने आश्वासन देते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि आवश्यक अनुमति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि विद्युत एवं अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्य बाधित न हों।

सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों में प्रगति लाने को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय-समय पर आवश्यक शटडाउन उपलब्ध कराएं, जिससे कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने लेसा के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि इस माह के अंत तक सीएम ग्रिड के कार्यों को पूर्ण कराने में नगर निगम को पूरा सहयोग प्रदान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *