यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पंजाब के तरनतारन में एक लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा को उसके ही क्लासमेट ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली. आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर के तौर पर हुई. वहीं गोली चलाने वाले छात्र का नाम प्रिंस राज बताया जा रहा है. यह घटना कॉलेज के अंदर क्लासरूम में उस समय हुई जब पढ़ाई चल रही थी और सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था.मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि क्लास के दौरान प्रिंस राज अचानक क्लास रूम में आया और उसने अपने बैग से पिस्टल निकाली और सामने बैठी छात्रा संदीप कौर को बेहद करीब से गोली मार दी. अचानक हुई फायरिंग से क्लासरूम में हड़कंप मच गया. छात्र और शिक्षक कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी ने फिर से पिस्टल लोड की और अपने सिर पर गोली मार ली. आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुआ. यह पिस्टल सेना में इस्तेमाल नहीं होती है.कुछ ही सेकेंड में कॉलेज का माहौल डर और दहशत में बदल गया. कानून की पढ़ाई करने वाले इस कॉलेज में इस तरह की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया. बताया जा रहा है कि संदीप कौर की सगाई हो चुकी थी और इसके बाद प्रिंस राज नाराज हो गया था. छात्रा के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था. परिवार के अनुसार आरोपी छात्र दो से तीन बार उनके घर भी गया था.परिवार का कहना है कि संदीप को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उसे लेकर चिंता भी बढ़ रही थी. आरोपी छात्र प्रिंस राज के पिता भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर की. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों छात्रों के बीच क्या विवाद था और आरोपी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया.मृतक संदीप कौर की बहन मनप्रीत कौर का कहना है कि आरोपी छात्र प्रिंस राज पिछले कई दिनों से संदीप के पीछे पड़ा हुआ था और उसे लगातार परेशान करता था. मनप्रीत के अनुसार, शुक्रवार को प्रिंस ने संदीप को प्रपोज किया था. संदीप ने साफ मना कर दिया और कहा कि उसकी सगाई हो चुकी है और अब कुछ नहीं हो सकता. इसके बाद भी प्रिंस पीछे हटने को तैयार नहीं था. बहन ने बताया कि प्रिंस अक्सर उनके घर के आसपास चक्कर लगाता रहता था और उसका व्यवहार पागलपन जैसा हो गया था. शुक्रवार को उसने संदीप से कहा था कि अगर तू मेरी नहीं तो किसी और की भी मैं नहीं होने दूंगा. इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी रही और सोमवार को वह कॉलेज आया और उसने संदीप को गोली मार दी.