यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
मुंगेर जिले में ‘रोज डे’ सेलिब्रेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक महिला और उसके पति बड़ी कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं. वर्तमान में बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में सार्वजनिक रूप से शराब का प्रदर्शन करना भारी पड़ गया. वायरल वीडियो में महिला, जिसकी पहचान कंचन देवी के रूप में हुई है. अपने पति को गुलाब का फूल देने के बाद बड़े ही गर्व से शराब परोसती नजर आ रही है. इस वीडियो के इंटरनेट पर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
मामला तब और गंभीर हो गया जब कंचन देवी की एक और तस्वीर सामने आई, जिसमें वह एक ब्यूटी पार्लर के अंदर हाथ में पिस्टल लेकर पोज देती दिख रही हैं. मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और महिला के घर पर छापेमारी की. जांच में पता चला कि तस्वीर में दिख रही पिस्टल दीनदयाल चौक निवासी विशाल कुमार की लाइसेंसी हथियार है. हालांकि हथियार वैध है, लेकिन किसी अनधिकृत व्यक्ति को इसके साथ फोटो खिंचवाने या सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने देना कानूनन अपराध है.
मुंगेर एसपी ने पुष्टि की है कि कंचन देवी और हथियार के मालिक विशाल कुमार दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस के अनुसार, शराबबंदी वाले राज्य में प्रतिबंधित पदार्थों को बढ़ावा देना और हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘व्यूज’ पाने के चक्कर में कानून की धज्जियाँ उड़ाते हैं.