गृहकर बकाया न जमा करने पर बड़ी कार्रवाई, निगम ने खाता सीज और उपकेंद्र किया सील

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– यू०पी० एग्रो इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का खाता किया गया सीज
– उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के देवा रोड, चिनहट स्थित उपकेंद्र सील

लखनऊ। नगर निगम द्वारा गृहकर बकाया की वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन-2 के जोनल अधिकारी श्री संजय यादव ने यू०पी० एग्रो इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ का बैंक खाता सीज करा दिया है। वहीं जोन-7 में कर अधीक्षक श्री अजीत राय ने बकाया कर न जमा करने पर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के देवा रोड, चिनहट स्थित उपकेंद्र को सील कर दिया है।

जोन 2 अम्बेडकर नगर वार्ड स्थित यू०पी० एग्रो इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड पर 31 मार्च 2020 तक गृहकर मद में 94,04,294 रुपये की धनराशि बकाया है। निगम द्वारा समय-समय पर बिल और नोटिस ऑफ डिमांड जारी किए गए थे। संबंधित अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर भुगतान कराने का प्रयास भी किया, लेकिन अब तक बकाया राशि जमा नहीं की गई।

उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 509 से 516 तक के अंतर्गत बकाया कर की वसूली के लिए चल संपत्ति को कुर्क या सीज करने का प्रावधान है। अपर नगर आयुक्त के आदेशों के अनुपालन में जोनल अधिकारी श्री संजय यादव ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए संस्था का बैंक खाता कुर्क/सीज करने का आदेश जारी किया। निर्देश दिया गया है कि जब तक 94,04,294 रुपये नगर निगम निधि लखनऊ के खाते में जमा कर अदेयता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता, तब तक खाते से कोई धनराशि जारी नहीं की जाएगी।

इसी तरह जोन-7 में भी बड़ी कार्रवाई की गई है। कर अधीक्षक श्री अजीत राय ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के देवा रोड, चिनहट स्थित उपकेंद्र पर 1,98,85,360 रुपये गृहकर बकाया पाए जाने पर उसे सील कर दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित विभाग को कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन भुगतान न होने पर यह कदम उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *