पेपर मिल कॉलोनी वार्ड की चौपाल में नागरिकों ने सराही सफाई व्यवस्था, जनसहयोग से स्वच्छता अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान

Spread the love

प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– महापौर सुषमा खर्कवाल ने सुनीं जनसमस्याएं, नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण पर दिया जोर

लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित वार्ड चौपाल अभियान के अंतर्गत सोमवार को जोन-4 स्थित पेपर मिल कॉलोनी वार्ड के अच्छेमल पार्क में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में मा० पार्षद श्री राजेश सिंह ‘गब्बर’ जी व नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नियमित सफाई कार्यों की सराहना की, साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

जन चौपाल में विश्वास खंड, बादशाह नगर सचिवालय कॉलोनी, पेपर मिल कॉलोनी, नेहरू एन्क्लेव, बाबा पुरवा, भीखम पुरवा, चक्कर पुरवा, वाल्मीकि नगर एवं एम ब्लॉक के नागरिकों ने भाग लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम द्वारा नियमित सफाई कराई जा रही है, लेकिन कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने तथा नालों पर अतिक्रमण किए जाने से समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

*नालों पर अतिक्रमण और रैंप निर्माण से बढ़ रही जलभराव की समस्या*

चौपाल में नागरिकों ने बताया कि कई स्थानों पर नालों के ऊपर रैंप बना दिए गए हैं, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है और बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नागरिकों ने ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*आवारा पशुओं, पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं की मांग*

क्षेत्रवासियों ने आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था तथा एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित सुलभ शौचालय के निर्माण की मांग भी रखी। नागरिकों ने कहा कि पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों एवं मॉर्निंग वॉक करने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

*ऑल इंडिया कैफ़ी आज़मी अकादमी के संचालन को लेकर भी रखा गया सुझाव*

चौपाल के दौरान नागरिकों ने ऑल इंडिया कैफ़ी आज़मी अकादमी को नगर निगम के अधीन लेकर उसके बेहतर संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था किए जाने का सुझाव भी दिया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को इस प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।

*स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण से ही सफल होगा स्वच्छता अभियान : नगर आयुक्त*

चौपाल के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके ही नगर निगम की कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को देना चाहिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन का मूल सिद्धांत है कि कूड़ा घरों से निकलने के बाद जमीन पर न पड़े, बल्कि सीधे संग्रहण वाहन के माध्यम से ट्रांसफर स्टेशन और वहां से प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचे। इससे न केवल कूड़ा प्रबंधन की प्रक्रिया बेहतर होती है, बल्कि नालियों में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पहुंचने से होने वाली रुकावट भी कम होती है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक एवं अन्य कचरा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर न फेंकें। स्वच्छ और सुंदर लखनऊ के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और नगर निगम को नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।

*वार्ड चौपाल नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद का सशक्त माध्यम : महापौर*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि वार्ड चौपाल का उद्देश्य नगर निगम और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं सुझाव पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से नालों पर अतिक्रमण, कूड़ा डंपिंग, आवारा पशुओं तथा सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

*अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति*

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी जोन-4 श्रीमती शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता श्री अतुल मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *