यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– अमीनाबाद के झंडेवाला पार्क में आयोजित हुई जन चौपाल
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत जोन-1 के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड में झंडेवाला पार्क, अमीनाबाद में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने सहभागिता कर क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उनके सुझावों एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
*जनभागीदारी से मजबूत हो रहा सुशासन*
महापौर ने कहा कि जन चौपाल अभियान नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच बन रहा है। इससे लोगों को अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, वहीं अधिकारियों को भी स्थानीय आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी प्राथमिकताओं को समझने में सहायता मिल रही है।
*बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए दिए निर्देश*
जन चौपाल के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
*विकसित लखनऊ के निर्माण में नागरिकों की अहम भूमिका*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और विकसित शहर बनाने का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।
*जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर उपविजेता मध्य विधानसभा श्री रजनीश गुप्ता, पार्षद श्री सफिकुर्रहमान चचा, अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र गुप्ता, जोनल अधिकारी श्री ओमप्रकाश सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।