सीएचसी शिवगढ़ में सुबह 9 बजे खाली पड़ी मिली कुर्सियां, लोगों में रोष

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

शिवगढ़,रायबरेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवगढ़ में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के समय से अस्पताल न पहुंचने से मरीजों एवं तीमारदारों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। अस्पताल का समय तो सुबह 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक है किन्तु समय से स्टाफ के अस्पताल न पहुंचने से मरीज एवं तीमारदार इधर-उधर भटकते रहते हैं। सोमवार को समय सुबह 9 बजे रात्रि से इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे चिकित्साधिकारी डा. प्रेमशरन इमरजेंसी में आने मरीजों का उपचार करते नजर आए वहीं ओपीडी में अन्य चिकित्सकों की कुर्सियां खाली पड़ी नजर आई जिसका वीडियो इण्टरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। ओपीडी में दिखाने आए मरीज चिकित्सकों के अभाव में इधर-उधर भटकते रहे। मनोज कुमार वर्मा, राजेश कुमार,संदीप कुमार, सुनील कुमार, विनय आदि लोगों का आरोप था कि सुबह 8 बजे से ओपीडी में चिकित्सकों का इंतजार कर रहे हैं किंतु अभी तक कोई नहीं आया है। संदीप ने बताया कि गर्मी के चलते सुबह 7:45 बजे ही अस्पताल आ गये थे किन्तु ओपीडी में सुबह 9 बजे तक डॉक्टर नहीं आए जिसके चलते वापस लौटना पड़ा। इस सम्बन्ध में जब शिवगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ.संजीव शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हो सकता है किसी कारण से विलम्ब हो गया हो सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी समय से अस्पताल आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *