ट्रक की टक्कर से घायल बच्चे की दर्दनाक मौत

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

ग्रामीणों ने बांदा-बहराइच हाईवे जामकर किया प्रदर्शन

शिवगढ़ (रायबरेली)।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत बांदा-बहराइच राजमार्ग पर मनऊ खेड़ा के पास बुधवार को ट्रक की टक्कर से घायल हुए 10 वर्षीय इंद्रपाल की लखनऊ ट्रामा सेन्टर में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार को मृतक बच्चे का शव घर पहुंचने पर परिजन बिलख पड़े। अंतिम संस्कार के बाद मोहल्ले के लोगों ने कुछ मिनट के लिए बांदा-बहराइच राजमार्ग जामकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। गौरतलब हो कि मनऊ खेड़ा निवासी राजेश कुमार का पुत्र इंद्रपाल अपनी बहन आशा के साथ बुधवार को साइकिल से घर लौट रहा था। गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी थी। हादसे में साइकिल पर पीछे बैठे इंद्रपाल के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे, जबकि आशा को मामूली चोटें आई थीं। दोनों को सीएचसी शिवगढ़ ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने इंद्रपाल की हालत गम्भीर देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार को परिजनों मृतक इन्द्रपाल का अन्तिम संस्कार करने के बाद सभासद संतोष कुमार, जगरूप, मनोज कुमार, सियाराम, अवधेश कुमार सहित मोहल्ले के लोगों ने हाईवे पर कुछ मिनट के लिए हाइवे जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मनऊ खेड़ा के पास आए दिन हादसे होते रहते हैं। लगभग हर सप्ताह दुर्घटना में किसी की मौत या घायल होने की घटना सामने आ रही है। ग्रामीणों ने मनऊ खेड़ा के दोनों ओर ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और उनकी मांग को संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि बांदा-बहराइच पर गांव के लोग एकत्र हुए थे। ग्रामीण मनऊ खेड़ा के दोनों ओर ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *