स्वच्छ सर्वेक्षण में तीसरा स्थान मिलने पर महापौर का शहरभर में भव्य स्वागत, आठ प्रमुख स्थानों पर हुए कार्यक्रम

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त होने और माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद लखनऊ आगमन पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी का शहरभर में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

महापौर जी के स्वागत के लिए अमौसी एयरपोर्ट, कानपुर रोड, अवध हॉस्पिटल चौराहा, पकरी का पुल, बंगला बाजार चौराहा, केकेसी चौराहा, महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा और भाजपा कार्यालय सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोकीनाथ हॉल में भी स्वागत कार्यक्रम हुआ।

इन कार्यक्रमों में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारीगण और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं एवं आत्मीय अभिनंदन के साथ महापौर जी का स्वागत किया।

आनंद नगर, जेल रोड पर डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर सेवा समिति की ओर से भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति के संरक्षक श्री मलखान यादव जी, अध्यक्ष श्री सूरज रावत जी, उपाध्यक्ष श्री बृजेश रावत जी, महामंत्री श्री अमरदीप रावत जी, संगठन मंत्री श्री प्रमोद रावत जी, वरिष्ठ सदस्य श्री अभिषेक तिवारी जी एवं कोषाध्यक्ष श्री सर्वेश साहू जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

*अगले सर्वेक्षण में लखनऊ को देश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य*
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। अब हमारा लक्ष्य अगले सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान हासिल करना है। उन्होंने कहा कि जिन बिंदुओं पर लखनऊ अभी पीछे है, उनमें वेस्ट टू एनर्जी प्रमुख है। अगले छह महीनों में इस दिशा में पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की स्थापना के साथ इस क्षेत्र में भी लखनऊ को आगे बढ़ाया जाएगा।

महापौर जी ने कहा कि सर्वेक्षण में सामने आने वाली अन्य कमियों को भी पूरी तरह दूर किया जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों से हम अगले स्वच्छ सर्वेक्षण में लखनऊ को देश में प्रथम स्थान दिलाएंगे। लखनऊ को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

महापौर जी ने इस उपलब्धि के लिए समस्त लखनऊवासियों, कर्मठ सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे लखनऊ का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *