यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ। आध्यात्मिक चेतना और मानवीय मूल्यों के प्रसार को समर्पित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष तथा लखनऊ में 72 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में निर्मित दिव्य संस्कृति भवन एवं गुलजार उपवन (राजयोग प्रशिक्षण केंद्र) का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने भवन का उद्घाटन कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, सदस्य विधान परिषद रामचंद्र सिंह प्रधान, मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान, विधायक ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, ओम शांति रिट्रीट सेंटर दिल्ली की निदेशिका आशा दीदी, ब्रह्माकुमारीज माउंट आबू के अतिरिक्त महासचिव मृत्युंजय भाई, मनोरमा बहन, राधा बहन सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मनुष्य का मन छोटा नहीं होना चाहिए। छोटे मन का कोई बड़ा नहीं हो सकता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं हो सकता। मन जितना विशाल होगा, व्यक्ति को उतना ही आनंद और सुख प्राप्त होगा। आध्यात्मिक ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए भी मन का विशाल होना आवश्यक है। ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़ी बहनों और भाइयों के चेहरों पर दिखाई देने वाली दिव्य आभा उनके समर्पण, विशाल हृदय और आध्यात्मिक चेतना का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि आज 21वीं सदी के भारत में आध्यात्मिकता का महत्व और अधिक बढ़ गया है। एक ओर भारत अर्थव्यवस्था, अंतरिक्ष विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर हमें अपने मन और विचारों की दुनिया को भी मजबूत बनाना होगा। ऐसा नहीं होना चाहिए कि हम बाहरी दुनिया को जीतते हुए अपनी आंतरिक दुनिया में हार जाएं। आध्यात्मिकता हमें स्वयं को पहचानने, मन को स्थिर रखने और जीवन में संतुलन स्थापित करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता का कोई अलग समय नहीं होता, बल्कि यह हमारी दृष्टि में परिवर्तन लाती है। इसका अर्थ स्वयं को केवल शरीर नहीं, बल्कि चेतना और आत्मा के रूप में समझना है। आज मनोविज्ञान, तंत्रिका विज्ञान और चिकित्सा विज्ञान में भी ध्यान एवं सचेत जीवनशैली के सकारात्मक प्रभावों पर शोध हो रहे हैं। तनाव और चिंता के प्रबंधन में आंतरिक स्थिरता का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि सच्चा आध्यात्मिक विकास व्यक्ति को संसार से दूर नहीं करता, बल्कि समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी बढ़ाता है। जो व्यक्ति भीतर से स्थिर होता है, वह क्रोध में निर्णय नहीं लेता। जो आत्मसम्मान से भरा होता है, वह दूसरों का अपमान नहीं करता और जो संतोष को समझता है, वह भ्रष्टाचार की ओर नहीं बढ़ता। देश केवल कानूनों से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। कानून व्यवस्था बनाए रख सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव अच्छे संस्कारों से ही पैदा होते हैं।
**विकसित भारत के संकल्प में आध्यात्मिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका**
रक्षामंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है। विकसित भारत का अर्थ ऐसा देश है, जहां नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो, युवाओं में अनुशासन हो और प्रत्येक व्यक्ति के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का भाव हो। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में ब्रह्माकुमारी संस्था जैसी आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था ने दशकों पहले महिलाओं को आध्यात्मिक नेतृत्व के केंद्र में स्थापित किया। आज देश के गांव-गांव में संस्था की बहनें नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के अभियान चला रही हैं। यह कार्य आध्यात्मिक चेतना, सेवाभाव और समर्पण से ही संभव है।
**राजनीति का आध्यात्मिकीकरण समय की आवश्यकता**
राजनाथ सिंह ने राजनीति और आध्यात्मिकता के संबंध पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और राजकाज को नीति एवं नैतिकता के आधार पर संचालित करना है। राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने, चुनाव जीतने और सत्ता में बने रहने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का माध्यम है। राजनीति के साथ नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का जुड़ना आवश्यक है। इसे ही वे राजनीति का आध्यात्मिकीकरण कहते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति को किसी विशेष धर्म, संप्रदाय या पंथ से जोड़ना इसका उद्देश्य नहीं है, बल्कि इसे कर्तव्य, नैतिकता और मानवता जैसे सार्वभौमिक मूल्यों से जोड़ना है। सत्ता में आने वाले व्यक्ति के मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व, व्यक्तिगत लाभ से पहले जनहित तथा शक्ति के साथ विनम्रता और विवेक का भाव होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रामायण में भगवान श्रीराम का जीवन हमें प्रजा के हित को व्यक्तिगत सुख से ऊपर रखने की प्रेरणा देता है, वहीं महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म, कर्तव्य और धर्म का बोध कराया। भारतीय परंपरा में राजधर्म की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे आज फिर से स्थापित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बार राजनीतिक लाभ और चुनावी नुकसान की बातें सामने आती हैं, लेकिन उनका स्पष्ट मानना है कि चुनाव हारें या जीतें, जो उचित है वही करना चाहिए। राजनीति में सेवा, राष्ट्र निर्माण और समाज परिवर्तन का भाव होगा, तभी युवा इससे जुड़ेंगे।
**युवा केवल देश का भविष्य नहीं, वर्तमान भी हैं**
युवाओं को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि युवा इस देश के केवल भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। देश का भविष्य आज के प्रयासों से तैयार होता है। युवाओं के पास तकनीक, सूचना और संचार के अनेक साधन हैं, लेकिन उन्हें तकनीक का उपयोग करना चाहिए, तकनीक को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। सूचनाएं प्राप्त करें, लेकिन विवेक न खोएं। दुनिया से जुड़ें, लेकिन अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहें।
उन्होंने सफलता और सार्थकता के अंतर को समझाते हुए कहा कि सफलता व्यक्ति को पद, प्रतिष्ठा, धन और पहचान दिला सकती है, लेकिन जीवन की वास्तविक सार्थकता इस बात से तय होती है कि आपके होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। युवाओं को केवल करियर बनाने की नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की भी चिंता करनी चाहिए।
स्वामी विवेकानंद के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कपड़ों से नहीं, बल्कि उसके चरित्र से होती है। करियर पहचान दिलाता है, लेकिन चरित्र सम्मान दिलाता है। युवाओं को गरीब और वंचित लोगों की समस्याओं को केवल देखने और उन पर चर्चा करने के बजाय उनके समाधान का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी को केवल जनसंख्या के आंकड़ों तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि युवाओं की क्षमता, चरित्र और योगदान को राष्ट्र निर्माण में लगाना है। युवा वैज्ञानिक, सैनिक, शिक्षक, उद्यमी और अधिकारी बनें, लेकिन प्रत्येक कार्य में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहना चाहिए। यदि युवा ज्ञान के साथ विवेक, शक्ति के साथ संयम, सफलता के साथ संवेदना और महत्वाकांक्षा के साथ राष्ट्रसेवा का भाव विकसित करेंगे, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
अंत में राजनाथ सिंह ने ब्रह्माकुमारी संस्था की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को पूरी मानवता की विरासत बताते हुए संस्था के सभी पदाधिकारियों, बहनों एवं भाइयों का हृदय से अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिव्य संस्कृति भवन आध्यात्मिक ज्ञान, शांति और सकारात्मक विचारों के प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।