यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– अवैध बाउंड्रीवाल और प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, शांतिपूर्ण ढंग से अभियान पूरा
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम कंचनपुर मटियारी एवं गनेशपुर-रहमानपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशन में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाया।
इस कार्रवाई में सहायक नगर आयुक्त/प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद एवं तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया। नगर निगम की टीम ने ग्राम कंचनपुर मटियारी स्थित गाटा संख्या-184 (क्षेत्रफल 0.107 हेक्टेयर, तालाब), गाटा संख्या-231 (क्षेत्रफल 0.0250 हेक्टेयर, बंजर) तथा ग्राम गनेशपुर-रहमानपुर स्थित गाटा संख्या-543 (क्षेत्रफल 0.0380 हेक्टेयर, तालाब) में दर्ज शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अधिकारियों के अनुसार, उक्त भूमियों पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवाल खड़ी कर प्लाटिंग एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे नगर निगम की भूमि को नुकसान पहुंच रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया और भूमि को पुनः अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार एवं राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरि ने किया। इस दौरान नगर निगम लेखपाल विनोद कुमार वर्मा, आलोक कुमार, आशुतोष कुमार सहित थाना चिनहट से प्राप्त पुलिस बल और नगर निगम की प्रवर्तन टीम (ईटीएफ) भी मौके पर मौजूद रही।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान के तहत लगभग 9050 वर्गफीट बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 26 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।