यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम अमौसी, तहसील सरोजनी नगर में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
इस अभियान में सहायक नगर आयुक्त/प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद एवं तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। ग्राम अमौसी स्थित गाटा संख्या 1287 (क्षेत्रफल 1.868 हेक्टेयर), 1292 (क्षेत्रफल 0.286 हेक्टेयर) एवं 1293 (क्षेत्रफल 0.955 हेक्टेयर) की ऊसर श्रेणी की नगर निगम निहित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
इन शासकीय भूमियों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से खेती कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे भूमि को नुकसान पहुंच रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से खाई खोदकर भूमि को सुरक्षित करते हुए अपने कब्जे में ले लिया।
इस अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री रत्नेश कुमार ने किया। उनके साथ नगर निगम लेखपाल श्री अजीत तिवारी, तहसील लेखपाल श्री संजय शुक्ला सहित नगर निगम की ईटीएफ फोर्स भी मौके पर मौजूद रही।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के तहत करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।