यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
*कोंच।* कोंच-कैलिया रोड पर झलापठा के पास रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे बालू से भरा एक ओवरलोड डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना ऐसे समय हुई जब सड़क पर सामान्य आवाजाही जारी थी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई राहगीर डंपर की चपेट में नहीं आया वरना बड़ा हादसा घटित हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बालू लोड थी। अधिक भार होने के कारण डंपर का संतुलन बिगड़ गया और चालक स्टेयरिंग पर से नियंत्रण खो बैठा जिसके फलस्वरूप डंपर सड़क पर पलट गया और चालक व उसमें सवार अन्य लोगों ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। डंपर पलटने से सड़क पर भारी मात्रा में बालू बिखर गई जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मशक्कत कर स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराई। कुछ देर बाद क्रेन मशीन की मदद से डंपर को सड़क से हटवाया गया। यह घटना क्षेत्र में सक्रिय बालू खनन माफियाओं की मनमानी और ओवरलोडिंग के गंभीर खेल को साफ तौर पर उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोंच-कैलिया रोड पर प्रतिदिन बालू से भरे ओवरलोड डंपर तेज रफ्तार से गुजरते हैं जिससे हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराया जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके