यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
अयोध्या भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” का शुभारंभ अयोध्या स्थित श्रीराम सेवक पुरम में किया गया। यह प्रशिक्षण वर्ग विश्व हिंदू परिषद यात्री निवास, रामघाट परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने की। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता विकास एवं आगामी चुनावी रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, पूरब विधानसभा विधायक ओ पी श्रीवास्तव, उत्तर विधानसभा विधायक डॉ नीरज बोरा, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा तथा प्रशिक्षण महाअभियान के सह संयोजक ओम प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस दौरान भारत माता, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के कुल ग्यारह सत्रों में प्रथम सत्र में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा एवं जनसंपर्क को और मजबूत करने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र में “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” विषय पर प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण एवं चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। वहीं तृतीय सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने “देश के समक्ष चुनौतियां एवं राष्ट्रीय दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए और राष्ट्रहित में संगठन की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।
चतुर्थ सत्र में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड सह प्रभारी रेखा वर्मा ने “बूथ प्रबंधन, मन की बात एवं स्थायी कार्यक्रम” विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। पंचम सत्र में क्षेत्रीय मंत्री विनोद पटेल ने “विचार परिवार” विषय पर संगठनात्मक समन्वय एवं वैचारिक एकता पर बल दिया। इसके बाद छठे सत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने “कार्यकर्ता विकास एवं संभाल” विषय पर उद्बोधन देते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के शेष बचे सत्रों के उपरांत 17 मई को सायं 5 बजे प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के मार्गदर्शन में समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण वर्ग परिसर में भाजपा के इतिहास, विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करती हुई विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक देखा।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद त्रिपाठी गुड्डू, सहकारी बैंक पूर्व चेयरमैन मान सिंह, सुधीर हलवाशिया, मनीष गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में लखनऊ महानगर के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे