मूर्ति विसर्जन से पहले उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने की मां दुर्गा की विधिवत पूजा

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं जन भवन में आयोजित नवरात्रि उत्सव की प्रेरणास्रोत श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मां भगवती से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ।

जन भवन में आयोजित नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि एवं गरबा महोत्सव का समापन 19 अक्टूबर को हुआ था। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव में कुल 9693 श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक गरबा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ भारतीय लोक संस्कृति एवं पारंपरिक उत्सवों के प्रति लोगों के जुड़ाव को प्रोत्साहित किया।

आज मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के अवसर पर श्रद्धालु भक्तिमय भजनों के बीच भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए। भक्ति एवं उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान मां भगवती के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एवं भक्ति भाव का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ जन भवन में नवरात्रि उत्सव की धार्मिक परंपराओं का विधिवत समापन हुआ। यह आयोजन श्रद्धा, सांस्कृतिक सहभागिता एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *