यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल – सरोजनीनगर में जाम, जलभराव और दुर्घटनाओं से राहत की दिशा में ठोस पहल
सरोजनीनगर, लखनऊ सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दिनांक 23 अप्रैल 2026 (दो पत्र) एवं 24 अप्रैल 2026 को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्यवाही का अनुरोध किया है।
डॉ. सिंह ने लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर निर्माणाधीन नालों के मिसिंग लिंक को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का अनुरोध किया है। कृष्णा लोक कॉलोनी, दरोगा खेड़ा, रनीपुर फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी मोड़ एवं शहीद पथ एयरपोर्ट तिराहे जैसे प्रमुख स्थानों पर अधूरे कार्य के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने शांति नगर क्षेत्र (लगभग 30 हजार आबादी) तथा दरोगा खेड़ा क्षेत्र (लगभग 60 हजार आबादी) में आवागमन की गंभीर समस्या को देखते हुए फुट ओवरब्रिज (FOB) निर्माण का अनुरोध किया है। हज हाउस के पास तथा दरोगा खेड़ा चौराहे पर फुट ओवरब्रिज निर्माण से विशेषकर छात्रों एवं स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पत्रों में यह भी उल्लेख किया है कि आवश्यकतानुसार निजी भूमि क्रय की प्रक्रिया अपनाकर इन परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि “सरोजनीनगर के नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात एवं जलनिकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।”