गोलागंज बारूदखाना में अपार्टमेंट का पिलर क्षतिग्रस्त होने पर महापौर ने किया निरीक्षण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– 25 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, भवन की तकनीकी जांच के निर्देश

लखनऊ। गोलागंज के बारूदखाना क्षेत्र में सोमवार को छह मंजिला अपार्टमेंट का एक पिलर क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और भवन में रह रहे परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा अपार्टमेंट में मौजूद करीब 25 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के भवनों को भी खाली कराया गया तथा सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवाजाही को नियंत्रित किया गया।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भवन की तकनीकी स्थिति की विशेषज्ञों से विस्तृत जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध प्रशासन द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। भवन की स्थिति का तकनीकी आकलन होने तक आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

घटनास्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस सहित एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और एलडीए की टीमें पहुंचीं। सभी संबंधित विभागों द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

महापौर ने अधिकारियों से कहा कि भवन की संरचनात्मक सुरक्षा का परीक्षण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा किसी भी प्रकार की संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं। प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *