यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
चौदह दिसंबर को लखनऊ कूच करेंगे गौ भक्त
*अलीगढ़*।गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने,गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौपालन मंत्रालय की स्थापना की मांग के लिए संतों ने हुंकार भरी है और एलान किया है कि इसके लिए दिसंबर माह की चौदह तारीख को लाखों की संख्या में गोभक्त लखनऊ पहुंचकर सरकार पर गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने के लिए दबाव बनाएंगे।आपको बता दें कि इस संबंध में विगत दिवस सिंघारपुर स्थित केशव सेवा धाम में जुटे संतों और गो भक्तों ने वृहद रूप से एक विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया जिसमें अलीगढ़ के तमाम प्रबुद्ध लोगों के साथ साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सहभागिता निभाई।संगोष्ठी में संतों ने आहवान किया है कि यदि लखनऊ में बात नहीं बनी तो फिर सभी संत महंत कमण्डल और चिमटा लेकर बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान यहां पर सभी गौभक्तों ने संकल्प लिया है कि वह अब गोमाता पर हो रहे अत्याचार को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।इस कार्यक्रम में यहां पर वृंदावन से आए गोपेश्वर कृष्ण दास महाराज ने कहा कि गौ सम्मान आह्वान के माध्यम से गौ माता के संरक्षण के लिए समाज को एकजुट किया जा रहा है।स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में गौ माता का विशेष स्थान है और उनके संरक्षण के लिए समाज को आगे आना चाहिए।संगोष्ठी में पुष्कर से पधारे महंत गोपालानंद सरस्वती मुख्य वक्ता रहे और उन्होंने बताया कि अपनी मांग को लेकर पहले चरण में देश भर से गौ भक्तों ने पांच करोड़ हस्ताक्षर सरकार को दिए और उस पर गौर नहीं किया गया तो दूसरे चरण में पन्द्रह करोड़ हस्ताक्षर सौंपे गए और इस पर सरकारों ने लचीला रुख अपनाया तो अब तीसरे चरण में सभी गौ भक्तों ने लगभग तीस करोड़ हस्ताक्षर सरकार को सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया है।गौ माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर आयोजित की गई इस विशाल संगोष्ठी का संचालन पत्रकार राज नारायण सिंह ने किया और इस अवसर पर यहां महंत विनय नाथ महाराज,आचार्य गौरव शास्त्री, आरएसएस के विभाग प्रचारक गोविंद जी,विभाग सेवा प्रमुख मनवीर सिंह,महानगर संघ चालक अजय सराफ,गोपाल वार्ष्णेय,कृष्णा गुप्ता,कविता,मनोज शर्मा,उमेश सरकोड़ा और डॉ.विभव वार्ष्णेय समेत अनेक प्रबुद्ध लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।