गोबर नालियों में बहाने और आई जी आर एस शिकायतों के आधार पर हटाई गईं अवैध डेरियां

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश और अपर नगर आयुक्त के आदेश पर, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में आज दिनांक 23 मई 2025 को लखनऊ नगर निगम द्वारा जोन-6 के दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में दुबग्गा रिंग रोड, कानपुर बाईपास रोड तथा बुड्ढेश्वर रोड के अंतर्गत स्थित अवैध डेरियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई।

अभियान के दौरान मौके से 16 भैंस, 3 गाय, 1 पड़िया एवं 1 पड़वा को जब्त किया गया, जिन्हें आलमबाग स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है। ये पशु नियम अनुसार जुर्माना जमा करने के पश्चात ही छोड़े जाएंगे।

यह कार्यवाही लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई थी, जिनमें अवैध डेरी संचालकों द्वारा गोबर को खुले प्लॉटों में फेंकने और नालियों में बहाने की बात सामने आई थी। इससे न सिर्फ क्षेत्र में गंभीर गंदगी फैल रही थी, बल्कि जलभराव और मच्छर जनित रोगों की आशंका भी बढ़ गई थी।

नगर निगम स्पष्ट करता है कि शहरी क्षेत्र में भैंस पालन की अनुमति नहीं है, क्योंकि नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है। केवल अधिकतम 2 गाय को ही वैध लाइसेंस के साथ शहरी सीमा में पालने की अनुमति दी जाती है।

इस अभियान में पुलिस बल, प्रवर्तन दल तथा पशु कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. अभिनव वर्मा के साथ श्री शिवेक, रामकुमार, नदीम और श्री फुरकान द्वारा संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *