लखनऊ में नगर निगम वार्डों का निरीक्षण, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खारवाल ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण कुमार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त मंत्री एवं लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने शनिवार सुबह नगर निगम लखनऊ के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खारवाल भी मौजूद रहीं। निरीक्षण का उद्देश्य शहर में साफ-सफाई, जलनिकासी, सड़कों की मरम्मत तथा पार्कों की वर्तमान स्थिति का वस्तुनिष्ठ आकलन करना था।

निरीक्षण का यह दौरा शनिवार सुबह जोन-1 के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड (अमीनाबाद घंटाघर के पास) से प्रारंभ हुआ, जिसके पश्चात जोन-3 के डालीगंज निरालानगर, अयोध्यादास सेकेंड, फैजुल्लागंज सेकेंड और विवेकानंद पुरी वार्ड में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभिन्न स्थलों पर साफ-सफाई में कमी, जलभराव की स्थिति और सड़क मरम्मत की गति पर अधिकारियों से सीधे सवाल किए और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मौके पर लखनऊ उत्तर से विधायक डॉ. नीरज बोरा, अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त श्रीमती नम्रता सिंह, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर श्री महेश वर्मा, जोनल अधिकारी श्री मनोज प्रभात सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के प्रति प्रतिबद्ध है और नगर निगम को और अधिक उत्तरदायी बनाना उनकी प्राथमिकता है। वहीं महापौर श्रीमती सुषमा खारवाल ने आश्वस्त किया कि निरीक्षण में जो भी खामियां पाई गईं, उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *