यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– बंगला बाजार पुल से खजाना चौराहा तक 30 से अधिक दुकानों का निरीक्षण, 100 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देश पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक, पॉलीथीन, कैरीबैग और एकल उपयोग वाली प्लास्टिक सामग्री के प्रयोग, परिवहन, बिक्री एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को बंगला पुल से खजाना चौराहा तक विशेष अभियान चलाकर 30 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों पर ₹6,900 का अर्थदंड लगाया गया। वहीं, प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर ₹1,500 का जुर्माना करते हुए 100 ग्राम प्लास्टिक जब्त की गई।
अभियान के दौरान कुल ₹8,400 का अर्थदंड वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया। अभियान में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री मो० नईम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सत्येन्द्रनाथ, श्रीमती मीरा राव सहित प्रवर्तन दल एवं 296 टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें, दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें तथा शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।