यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– मिट्टी और जूट से तैयार की गई संरचना गर्मी में भी बनाए रखती है शीतल वातावरण, लोगों को मिल रही प्राकृतिक ठंडक
लखनऊ: शहर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव से आमजन को राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा पॉलीटेक्निक चौराहा और कुर्सी रोड पर सृष्टि अपार्टमेंट पर एक विशेष कूलिंग पॉइंट स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, कामकाजी लोगों और जरूरतमंदों को तेज गर्मी से कुछ राहत प्रदान करना है। शनिवार को इन दोनों कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
*अन्य प्रमुख स्थानों पर भी बने कूलिंग पॉइंट्स*
महापौर श्रीमती खर्कवाल जी ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा पॉलीटेक्निक चौराहा और कुर्सी रोड के अलावा 1090 चौराहे और लालबाग नगर निगम मुख्यालय पर भी कूलिंग पॉइंट बनाया गया है। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों जैसे गोमती नगर पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन और जीपीओ विधानसभा मार्ग पर भी इसी प्रकार के कूलिंग पॉइंट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इन कूलिंग पॉइंट्स पर बेड, सोफा, कुर्सी, पंखा, कूलर, मटके का ठंडा पानी और खाने के लिए गुड़ जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि आमजन को तेज धूप और गर्मी से राहत मिल सके।
*मिट्टी की दीवार से अंदर बनी रहती है ठंडक*
डॉ. अरविन्द कुमार राव ने बताया कि कूलिंग पॉइंट को प्राकृतिक रूप से ठंडा बनाए रखने के उद्देश्य से इसकी दीवार एवं छत का निर्माण मिट्टी और जूट जैसे पर्यावरण अनुकूल सामग्री की सहायता से किया गया है, जिससे अंदर का तापमान नियंत्रित रहता है और भीषण गर्मी में भी लोगों को शीतल वातावरण प्राप्त होता है।
*रैनबसेरों को भी बनाया गया सुविधाजनक*
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में पूर्व से संचालित 24 रैनबसेरों को भी इस योजना के अंतर्गत गर्मी से राहत देने योग्य बनाया गया है। इन रैनबसेरों में पहले से ही लोगों के लिए बेड की सुविधा उपलब्ध थी, अब यहां स्वच्छ और ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई है। शहरवासी दोपहर की तपती धूप में इन रैनबसेरों में ठहर कर आराम कर सकते हैं और हीट वेव के दुष्प्रभावों से स्वयं की रक्षा कर सकते हैं।
*शहरभर में लगाए गए हैं जलपान केंद्र*
माननीय महापौर जी ने यह भी बताया कि जलकल विभाग के सहयोग से लखनऊ शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल जल की व्यवस्था की गई है। इन जलपान केंद्रों पर मटकों में स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध है, जिससे राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को राहत मिल रही है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है जो पूरे दिन खुले में कार्य करते हैं।