महापौर ने सुबह सात बजे किया शहर की स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नाला निर्माण, ट्रांसफर स्टेशन, वेंडिंग जोन और साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
– एक हफ्ते में लखनऊ छोड़ें अवैध रूप से रह रहे घुसपैठिये: महापौर

लखनऊ। माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने शनिवार सुबह 7 बजे नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण के दृष्टिगत शहर की स्वच्छता एवं विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न जोनों में चल रहे निर्माण कार्यों, सफाई व्यवस्था और ट्रांसफर स्टेशनों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*सी ब्लॉक में नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण*

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जोन-7 स्थित सी ब्लॉक में चल रहे नाला निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

*विजयंत खंड में अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश*

महापौर ने जोन-4 स्थित विजयंत खंड में अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आगामी बरसात में क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।

*मॉडल वेंडिंग जोन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने बने मॉडल वेंडिंग जोन का निरीक्षण करते हुए महापौर ने वेंडर्स को निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए।

*अवैध झुग्गियों और बिजली कनेक्शनों की जांच के निर्देश*

निरीक्षण के दौरान महापौर निशातगंज पेपर मिल कॉलोनी के पास बनी अवैध झुग्गियों में पहुंचीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही झुग्गियों में लगे विद्युत कनेक्शनों की जांच कराने तथा अवैध कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने एक सप्ताह के भीतर अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए।

*ट्रांसफर स्टेशन के विस्तार पर दिया जोर*

निशातगंज पेपर मिल कॉलोनी स्थित ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए महापौर ने लखनऊ स्वच्छता अभियान से जुड़े अधिकारियों को ट्रांसफर स्टेशन के विस्तार एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित हो सके।

*आरजू नगर में गंदगी की शिकायत पर मौके पर पहुंचीं महापौर*

फैजुल्लागंज स्थित आरजू नगर क्षेत्र में गंदगी संबंधी समाचार का संज्ञान लेते हुए महापौर नगर आयुक्त के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान पाया गया कि एक खाली प्लॉट में मलबा डाले जाने से गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को प्लॉट मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*एसडी पैलेस के पास निर्माणाधीन ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण*

जोन-3 स्थित एसडी पैलेस के पास नगर निगम की कार्यदायी संस्था लखनऊ स्वच्छता अभियान द्वारा बनाए जा रहे ट्रांसफर स्टेशन, व्हीकल पार्किंग एवं चार्जिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *