यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के 03 वर्ष पूर्ण होने पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के “स्वच्छ, सुंदर, समर्थ” नीति आधारित सफल तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने नगर निगम लखनऊ की लगभग 413 करोड़ रुपये लागत की 342 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा “स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ” पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान नगर निगम की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
*कई वरिष्ठ मंत्री एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद*
इस अवसर पर मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री आदरणीय श्री सुरेश कुमार खन्ना मंत्री नगर विकास एवं ऊर्जा ए.के. शर्मा मंत्री परिवहन दयाशंकर सिंह सांसद राज्यसभा बृजलाल विधायक योगेश शुक्ला ओपी श्रीवास्तव सदस्य विधान परिषद आदरणीय श्री मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल सुनील भराना पार्षदगण, नगर आयुक्त गौरव कुमार नगर निगम के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, कार्यकर्तागण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*“जनता के प्यार और आशीर्वाद का उत्सव है यह अवसर” — महापौर*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि “आज का यह दिन मेरे लिए सिर्फ तीन साल पूरे होने का अवसर नहीं है, बल्कि लखनऊ की जनता के प्यार, भरोसे और आशीर्वाद का उत्सव है। इन तीन वर्षों में मैंने महापौर के रूप में नहीं, बल्कि आपके परिवार की सदस्य बनकर इस शहर की सेवा करने का प्रयास किया है।”
उन्होंने कहा कि “स्वच्छ, सुंदर, समर्थ लखनऊ” के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम की 413 करोड़ रुपये की 342 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, जो विकसित लखनऊ के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
*तीन वर्षों में स्वच्छता और आधारभूत विकास को मिली नई दिशा*
महापौर जी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़कों एवं नालियों का निर्माण कराने, पार्कों का सौंदर्यीकरण करने, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने और जलभराव की समस्या कम करने की दिशा में लगातार कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि आज लखनऊ “नेट जीरो वेस्ट सिटी” के रूप में नई पहचान बना चुका है। प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 2000 मैट्रिक टन कचरे का शिवरी प्लांट में वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। शिवरी में वर्षों से खड़े लगभग 20 लाख मीट्रिक टन कूड़े के पहाड़ में से 18.5 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं घैला में कूड़े के पहाड़ को समाप्त कर “राष्ट्र प्रेरणा स्थल” विकसित किया गया है।
*इलेक्ट्रिक वाहनों और ट्रांसफर स्टेशनों से मजबूत हुई सफाई व्यवस्था*
महापौर जी ने बताया कि नगर निगम द्वारा 1500 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है तथा 35 आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन बनाए जा चुके हैं। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत तीन लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं तथा “नमो वन” परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
*“नगर विकास किसी भी राज्य की प्रगति का आईना” — ए.के. शर्मा*
कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नगर विकास के क्षेत्र में जो परिवर्तन आया है, वह अभूतपूर्व है और यह माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के विजन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “नगर और नगरीय सेवाएँ किसी भी राज्य का आईना होती हैं। कोई भी व्यक्ति सड़कें, चौराहे और सार्वजनिक व्यवस्थाएँ देखकर पूरे राज्य का अंदाज़ लगा लेता है।”
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लखनऊ में लगभग 25 लाख टन कूड़े का ढेर जमा था, लेकिन आज लखनऊ “Zero Waste City” बन चुका है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अब लक्ष्य लखनऊ को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाना है।
*“लखनऊ को नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाना है” — सुरेश खन्ना*
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री आदरणीय श्री सुरेश कुमार खन्ना जी ने महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी को सफल तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा और तन्मयता के साथ लखनऊ को बेहतर बनाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शहरीकरण को नई गति मिली है तथा आज प्रदेश में 17 स्मार्ट सिटी विकसित किए जा रहे हैं। श्री खन्ना जी ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है कि लखनऊ स्वच्छता रैंकिंग में देश में तीसरे स्थान तक पहुँचा है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए कहा — “हम सब ने यह ठाना है, लखनऊ स्वच्छ बनाना है” तथा “यूपी भी इंदौर बनेगा, लखनऊ ही शुरुआत करेगा।”
*“स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी” — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने संबोधन में लखनऊ नगर निगम और महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ नगर निगम को देश में तीसरा स्थान मिला है और अब इसे पहले स्थान पर लाना है। उन्होंने कहा कि “यह केवल महापौर, पार्षद या सफाई कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब सरकार की कार्यपद्धति साफ-सुथरी होती है, तब शहर भी साफ-सुथरा दिखाई देता है। मंत्री, महापौर, पार्षद, अधिकारी, सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारी जब मिलकर कार्य करते हैं, तभी स्वच्छता दिखाई देती है।
*राष्ट्र प्रेरणा स्थल और सीएम ग्रिड योजना की सराहना*
मुख्यमंत्री जी ने “राष्ट्र प्रेरणा स्थल” का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां 30 वर्षों तक कूड़ा डंप होता था, आज वही स्थान प्रेरणा और विकास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को समर्पित यह स्थल लखनऊ की नई पहचान बना है।
उन्होंने नगर निगम के नए मुख्यालय भवन, मॉडल गौशाला, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) और CM-Grid योजना की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह योजनाएं पूरे देश के लिए मॉडल साबित होंगी।
*स्टॉर्म वाटर प्रबंधन और कन्वेंशन सेंटर पर भी बोले मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले थोड़ी बारिश में ही नगरीय क्षेत्र जलमग्न हो जाते थे, लेकिन अब नगर निगम और नगर विकास विभाग द्वारा स्टॉर्म वाटर प्रबंधन एवं जल निकासी के क्षेत्र में बेहतर कार्य किए गए हैं। साथ ही लखनऊ में 10 हजार लोगों की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर की स्वीकृति भी दी गई है।
*“विकास योजनाओं में सकारात्मक सहयोग दें” — मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊवासियों और जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं में सकारात्मक सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि नगरीय निकायों में जितनी बेहतर सुविधाएं होंगी, उत्तर प्रदेश उतनी ही तेजी से वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की दिशा में आगे बढ़ेगा।