नगर आयुक्त गौरव कुमार ने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का किया निरीक्षण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– सीएम ग्रिड परियोजना, पीएम आवास योजना, कान्हा उपवन स्कूल निर्माण एवं नगर निगम की खाली भूमि के विकास कार्यों की समीक्षा

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने शनिवार को शहर में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, चीफ इंजीनियर (सिविल) श्री महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर (आरआर) श्री मनोज प्रभात सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

*सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश*

निरीक्षण की शुरुआत जोन-4 के गोमती नगर स्थित विभूति खंड क्षेत्र से हुई, जहां नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों, इंटरलॉकिंग, नाला एवं नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परियोजना अंतिम चरण में है। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता (सिविल) श्री अतुल मिश्रा को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूर्ण कराए जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

*पीएम आवास योजना के अंतर्गत बन रहे अपार्टमेंट की प्रगति जानी*

इसके उपरांत नगर आयुक्त ने जोन-6 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम द्वारा निर्मित कराए जा रहे आवासीय अपार्टमेंट परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को परियोजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

*कान्हा उपवन में प्रस्तावित विद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण की समीक्षा*

जोन-5 स्थित नादरगंज क्षेत्र में कान्हा उपवन परिसर में निर्माणाधीन नए विद्यालय के लिए की जा रही बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में विद्यालय निर्माण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।

*नगर निगम की खाली भूमि के विकास एवं राजस्व वृद्धि पर जोर*

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-2, जोन-3 सहारा स्टेट, जोन-5 एवं जोन-6 में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन भूखंडों की प्राथमिकता के आधार पर बाउंड्री वॉल कराई जाए तथा उनके सुनियोजित विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि इन भूमि संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर नगर निगम के लिए राजस्व सृजन के नए अवसर विकसित किए जाएं, जिससे निगम की वित्तीय स्थिति और अधिक सुदृढ़ हो सके।

*समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों पर विशेष ध्यान*

निरीक्षण के समापन पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में चल रही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *