यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन के आसपास देर रात कथित रूप से नशे के कारोबार और देह व्यापार जैसी गंभीर अवैध गतिविधियों के संचालित होने की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि क्षेत्र में गांजा, चरस, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री खुलेआम की जा रही है, जबकि देह व्यापार से जुड़े गिरोह भी सक्रिय बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व में भी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया था। हालांकि वायरल वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
चारबाग रेलवे स्टेशन प्रदेश का प्रमुख प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन रहता है। ऐसे में यदि नशे का कारोबार और देह व्यापार जैसी गतिविधियां वास्तव में संचालित हो रही हैं, तो यह कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ एवं संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सवाल यह है कि आखिर राजधानी के सबसे व्यस्त रेलवे क्षेत्र में नशे का कारोबार और देह व्यापार जैसे गंभीर आरोप बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं? और यदि यह सब हो रहा है, तो जिम्मेदार विभाग अब तक क्या कर रहे हैं?