यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
-स्वस्थ सरोजनीनगर के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध डॉ. राजेश्वर सिंह, मधुमेह और मोटापे के खिलाफ जनजागरूकता पर जोर
लखनऊ “सर्वे सन्तु निरामयाः — उत्तम स्वास्थ्य, राष्ट्र की समृद्धि का आधार है” की भावना को आगे बढ़ाते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बढ़ती जीवनशैली जनित बीमारियों, विशेषकर मधुमेह (डायबिटीज) और मोटापे को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण मोटापा, मधुमेह और अन्य गैर-संचारी बीमारियां (Non-Communicable Diseases) तेजी से बढ़ रही हैं। विभिन्न अध्ययनों के अनुसार भारत में मोटापा और अधिक वजन की समस्या लगातार बढ़ रही है तथा अनुमान है कि वर्ष 2030 तक विश्व में मोटापे से प्रभावित प्रत्येक 10 बच्चों में से एक भारतीय हो सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में लगभग 10.1 करोड़ लोग मधुमेह से प्रभावित हैं, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटिक अवस्था में हैं, जो आने वाले समय में बड़ी स्वास्थ्य चुनौती का संकेत है। उत्तर प्रदेश में भी मधुमेह और प्री-डायबिटीज के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पुरुषों में मधुमेह की दर लगभग 8 प्रतिशत तथा महिलाओं में लगभग 5 प्रतिशत है, जबकि प्री-डायबिटिक श्रेणी में लगभग 19.5 प्रतिशत पुरुष और 15.5 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर से विधायक चुने जाने के बाद से ही उनका निरंतर प्रयास स्वस्थ, सक्रिय और फिट सरोजनीनगर के निर्माण का रहा है। इसी सोच के साथ विधानसभा क्षेत्र में अब तक 100 से अधिक ओपन एयर जिम स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे हजारों नागरिकों को अपने आसपास ही फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध हो सकें, साथ ही 92 ओपन जिम एलडीए के माध्यम से स्वीकृत हैं व स्थापित कराए जाने की प्रक्रिया में हैं!
उन्होंने कहा कि जोनल पार्कों का विकास, पार्क अवसंरचना का विस्तार, खेल सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा ‘सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग’ जैसे प्रयास इसी व्यापक सोच का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों में फिटनेस संस्कृति को मजबूत करना है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, योग, खेल तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि “स्वस्थ सरोजनीनगर ही विकसित सरोजनीनगर की सबसे मजबूत आधारशिला है और हमारा संकल्प स्वस्थ सरोजनीनगर को एक मॉडल विधानसभा के रूप में स्थापित करना है।”