यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– नगर आयुक्त, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, अतिक्रमण नियंत्रण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ जोन-5 कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नाला-नाली सफाई, जल निकासी, अतिक्रमण नियंत्रण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व वसूली एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा पार्षद दल के उपनेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’, पार्षद श्री पीयूष दीवान, श्री जितेंद्र सिंह ‘जीतू’, श्री नरेंद्र कुमार, नामित पार्षद श्री संतोष सिंह बलखंडी, पार्षद प्रतिनिधि श्री सुधीर मिश्रा, श्री गिरीश मिश्रा, श्री संजय गुप्ता एवं श्री प्रीतम सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों में अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी श्री विनीत सिंह, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, अभियंता, जेडएसओ, एसएफआई एवं जोन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
*स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश*
महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक घर तक कूड़ा संग्रहण सेवा प्रभावी रूप से पहुंचे। स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए।
*बरसात से पूर्व नाला-नाली सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर*
बैठक में मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए महापौर ने नालों, नालियों एवं चैंबरों की सफाई समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक संसाधनों एवं मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि वर्षा ऋतु में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश*
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा समस्याओं के समाधान की नियमित समीक्षा की जाए।
*अतिक्रमण नियंत्रण एवं सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने पर बल*
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए।
*पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा*
बैठक में पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं।
*अगली समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, जल निकासी, अतिक्रमण नियंत्रण एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और सभी अधिकारी इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।