प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– स्वच्छता, जलनिकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ जोन-6 कार्यालय में पार्षदगणों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण नियंत्रण एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में माननीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद श्री अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, पार्षद श्रीमती रजनी गुप्ता, श्री धर्मेंद्र सिंह, श्री सीबी सिंह, श्री रामनरेश चौरसिया, श्री शिवकुमार, श्रीमती सबा हसन, श्रीमती कमलेश कुमारी, श्री मनीष रस्तोगी, श्री अनूप कमल सक्सेना, नामित पार्षद श्री गणेश वर्मा एवं श्री पुरुषोत्तम पुरी उपस्थित रहे। वहीं पार्षद प्रतिनिधि श्री नागेन्द्र सिंह चौहान, श्री फैसल नवाब एवं श्री राम अवतार कन्नौजिया भी बैठक में मौजूद रहे। अधिकारियों में चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी जोन-6 श्री अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
*क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया गया विशेष जोर*
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं, विकास कार्यों एवं स्थानीय आवश्यकताओं को महापौर के समक्ष रखा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक विषय पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
*स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश*
महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नियमित सफाई व्यवस्था एवं कूड़ा निस्तारण प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
*बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर*
मानसून को देखते हुए बैठक में नाला-नाली सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिए कि जलभराव की संभावनाओं वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक कार्य समय से पूरे किए जाएं ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
*सड़क, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा*
बैठक में स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बेहतर समन्वय से होंगे कार्य*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनकी नियमित समीक्षा की जाए।