यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– गोमती तट पर भी चलेगा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान, सभी जोन एवं वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को नगर निगम लखनऊ द्वारा पूरे शहर में विशेष स्वच्छता एवं प्रमुख स्थलों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 110 वार्डों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा, वहीं प्रमुख स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त गोमती नदी के तटों पर विशेष स्वच्छता, श्रमदान एवं जन-जागरूकता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा स्वच्छ और हरित लखनऊ के संकल्प को साकार करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान की प्रभावी निगरानी एवं संचालन के लिए सभी जोनों और वार्डों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों का संचालन एवं पर्यवेक्षण करेंगे।
*सभी 110 वार्डों में चलेगा विशेष सफाई अभियान*
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के सभी 110 वार्डों में सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, प्रमुख मार्गों, बाजारों, सरकारी परिसरों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
*शहरभर में होगा वृक्षारोपण*
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। पार्कों, सड़क किनारे उपलब्ध स्थानों, सार्वजनिक परिसरों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर पौधे लगाए जाएंगे। अधिकारियों को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
*गोमती तट पर चलेगा विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान*
नगर निगम द्वारा गोमती नदी के तटों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नदी तटों की सफाई, श्रमदान, वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए गोमती नदी के तटवर्ती क्षेत्र को 8 क्लस्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक क्लस्टर के लिए नोडल अधिकारी, प्रभारी अधिकारी एवं सह प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं।
*सुबह 8 बजे से शुरू होगा अभियान*
नगर आयुक्त ने बताया कि 5 जून को सुबह 06 बजे से सभी वार्डों, जोनों एवं गोमती तट के निर्धारित क्लस्टरों में एक साथ अभियान प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, स्वयंसेवी समूहों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
*ड्रोन से होगी निगरानी*
नगर निगम ने अभियान की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों से कवरेज कराने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के दौरान फोटो एवं वीडियो के माध्यम से डिजिटल डोजियर तैयार किया जाएगा। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई, वृक्षारोपण, श्रमदान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*स्वच्छ और हरित लखनऊ का संकल्प होगा मजबूत*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी 110 वार्डों में विशेष सफाई अभियान, प्रमुख स्थानों पर वृक्षारोपण तथा गोमती तट पर चलने वाले विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल लखनऊ के निर्माण के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।