प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चिनहट प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण राय द्वारा विनय खंड-3 स्थित भारत माता पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह एवं भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने सहभागिता करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का अपील किया।
भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय, पूर्व पार्षद स्नेहलता राय, नामित पार्षद दीपू जायसवाल, महानगर उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, सोशल मीडिया सह प्रभारी सतबीर सिंह, महानगर सह कार्यालय प्रभारी शैलेंद्र राय डब्बू, के.के. जायसवाल, अमरेंद्र राय, अभय सिंह, प्रवीण मिश्रा, ऋषिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।