यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़ (रायबरेली)। शिवगढ़ नगर पंचायत स्थित श्रीराम जानकी मन्दिर ठाकुरद्वारा परिसर में चल रही नौ दिवसीय संगीतमयी दिव्य श्रीराम कथा के छठवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा पण्ड़ाल में मौजूद श्रद्धालु भगवान श्रीराम की लीलाओं का श्रवण कर भावविभोर हो उठे। कथाव्यास श्री श्री द्वारिकानाथ जी महाराज उर्फ देवेश अवस्थी जी ने राम राज्याभिषेक की तैयारियों का मार्मिक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार समस्त अयोध्या भगवान राम के राज्याभिषेक की खुशियों में डूबी थी। इसी बीच रानी कैकई द्वारा राजा दशरथ से पूर्व में दिए गए दो वरदान मांगने की घटना ने पूरे घटनाक्रम को बदल दिया। महाराज ने राजा दशरथ के पुत्र प्रेम, कैकई की मनःस्थिति और राम के आदर्श त्याग का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। कथा के बीच प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर जय श्रीराम के जयघोष लगाते रहे। आयोजन कस्बावासियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हो रहा है। इस दौरान गुरु प्रसाद यज्ञसैनी, शिव भोला कश्यप, राधेश्याम, अनिल जायसवाल, शिवदेवी शर्मा, राकेश त्रिवेदी, रामनारायण कश्यप, दद्दन श्रीवास्तव, भगवती गुप्ता, कलावती मिश्रा, दीपक बाबू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।