यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर स्थित पिपरी पुल के पास भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं महिला का पति सहित 2 युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर स्थित पिपरी पुल के पास की है। मौके पर पहुंची डायल 112 पीआरवी पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया जहां दोनों की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्सक प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनों को लखनऊ ट्रामा सेन्टर के लिए रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक अनुज कुमार पुत्र नवलकिशोर उम्र 35 वर्ष निवासी मंशाखेड़ा मजरे बंकागढ़ थाना शिवगढ़, अपनी मोटरसाइकिल से पत्नी अंजू उम्र लगभग 32 वर्ष को बाइक पर बिठाकर भवानीगढ़ चौराहे से बाराबंकी जनपद के असंद्रा थाना क्षेत्र अन्तर्गत कोड़र गांव अपनी ससुराल जा रहा था। तभी पीछे से आए दूसरे बाइक सवार महेन्द्र पुत्र राममिलन उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी दत्तगंज पिपरी नगर पंचायत शिवगढ़ की बाइक अनुज की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुज कुमार की बाइक पर बैठी उसकी पत्नी अंजू हाईवे पर जा गिरी इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अंजू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को डायल 112 पीआरवी पुलिस ने सीएचसी शिवगढ़ पहुंचाया जहां दोनों की हालात बेहद नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में ले लिया गया है, पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दोनों घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेन्टर रेफर किया है। मामले में अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।