अमौसी में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 80 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

– अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 6000 वर्गफुट शासकीय भूमि कब्जे से मुक्त

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बुधवार को ग्राम अमौसी, तहसील सरोजनी नगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशन एवं अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुई।

*बंजर भूमि पर की जा रही थी अवैध प्लाटिंग*

सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी सम्पत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने ग्राम अमौसी स्थित गाटा संख्या 3163, क्षेत्रफल 0.238 हेक्टेयर भूमि पर कार्रवाई की। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि बंजर श्रेणी की शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त भूमि पर अवैध रूप से अस्थायी प्लाटिंग कर बहुमूल्य सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया जा रहा था।

*पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण*

थानाध्यक्ष सरोजनी नगर द्वारा उपलब्ध कराए गए पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध कब्जे एवं प्लाटिंग को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पूरी कार्रवाई नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान के दौरान नगर निगम के राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरी एवं लेखपाल श्री अजीत तिवारी भी उपस्थित रहे।

*80 लाख रुपये मूल्य की भूमि कराई गई मुक्त*

नगर निगम की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप लगभग 6000 वर्गफुट सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 80 लाख रुपये बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *