यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– सीवर सफाई के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश, कूड़ा उठान में लापरवाही पर लायन एनवायरो को कड़ी चेतावनी
लखनऊ। केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जोन-8 के विद्यावती प्रथम वार्ड में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*
जन चौपाल में मा० पार्षद श्रीमती प्रतिमा तिवारी जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात जी, जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह जी, अधिशासी अभियंता श्री शील श्रीवास्तव जी, अधिशासी अभियंता जलकल श्री प्रदीप यादव जी, पार्षद प्रतिनिधि श्री विमल तिवारी जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी जी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*सीवर समस्याओं पर महापौर ने दिए सख्त निर्देश*
जन चौपाल के दौरान सेक्टर-एफ के निवासियों ने सीवर चोक होने की शिकायत प्रमुखता से उठाई। इसके अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों के नागरिकों ने भी सीवर व्यवस्था से संबंधित समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अधिशासी अभियंता जलकल को पूरे जोन-8 में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर सीवर लाइनों की व्यापक सफाई कराने के कड़े निर्देश दिए।
*सीवर लाइन कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश*
सेक्टर-एफ एवं एम-1 के नागरिकों ने शिकायत की कि सीवर लाइन बिछाने का कार्य तो पूरा हो गया है, लेकिन कई स्थानों पर सड़कें खोदने के बाद उन्हें ठीक नहीं कराया गया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर महापौर ने अधिशासी अभियंता जलकल को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
*कूड़ा उठान में लापरवाही पर लायन एनवायरो को कड़ी चेतावनी*
जन चौपाल के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कूड़ा उठान में अनियमितता की शिकायत की गई। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर प्रतिदिन कूड़ा उठाने के बजाय एक दिन छोड़कर कूड़ा उठाया जा रहा है, जिससे गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो रही है।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने जोन-8 में कार्यरत लायन एनवायरो के सभी सुपरवाइजर्स को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में प्रतिदिन नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। ऐसा न करने पर सुपरवाइजर को निलंबित करने की कार्यवाही की जाएगी।
महापौर ने सख्त लहजे में कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर यदि कूड़ा उठान व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और दोबारा इस प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर कंपनी को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*पार्क विकास की मांग पर सकारात्मक आश्वासन*
जन चौपाल के दौरान सेक्टर-एफ के नागरिकों ने क्षेत्रीय पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण की मांग रखी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को पार्क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
*मार्ग प्रकाश की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश*
सेक्टर-एम-1 के एक निवासी ने स्ट्रीट लाइट एवं पोल से संबंधित समस्या को महापौर के समक्ष रखा। इस पर महापौर ने चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात जी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
*खुले में कूड़ा डालने वालों पर होगी कार्रवाई*
सेक्टर-आई निवासी श्रीमती मंजू पाण्डेय ने शिकायत की कि कुछ लोग निर्धारित स्थानों के बजाय खाली स्थानों पर कूड़ा डंप कर रहे हैं, जिससे गंदगी फैल रही है। इस पर महापौर ने क्षेत्र की सफाई कराने के साथ-साथ ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*गंदे पानी की शिकायत पर जलकल विभाग को दिए निर्देश*
जन चौपाल में सेक्टर-एफ के नागरिकों द्वारा गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत भी की गई। इस पर महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
*जन चौपाल बन रही नागरिक समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध हो सकें तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके।