जोन-7 को मलबा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नगर निगम और सामाजिक संगठनों की पहल, लोगों को मलबा निस्तारण के प्रति किया गया जागरूक

लखनऊ। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के जोन-7 में निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सी एंड डी वेस्ट) के सही निस्तारण को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया। यह अभियान एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (A-PAG), लंग केयर फाउंडेशन (LCF) और डॉक्टर्स फॉर क्लीन एयर एंड क्लाइमेट एक्शन (DFCA) द्वारा लखनऊ नगर निगम के सहयोग से चलाया जा रहा है।

*मलबा डाले जाने वाले स्थानों पर लगाए गए जागरूकता पोस्टर*
अभियान के तहत जोन-7 में उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां अक्सर अवैध रूप से मलबा फेंका जाता है। इन स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए और आसपास के नागरिकों, दुकानदारों तथा निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को पम्पलेट वितरित कर सही तरीके से मलबा निस्तारण करने की जानकारी दी गई।

*अवैध मलबा डंपिंग से बढ़ता है प्रदूषण*
अभियान से जुड़े विशेषज्ञों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर मलबा फेंकने से न केवल शहर की सुंदरता और स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि धूल प्रदूषण भी बढ़ता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। इसी को देखते हुए लोगों को मलबा निर्धारित स्थलों पर ही डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

*नागरिकों से सहयोग की अपील*
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर मलबा न फेंकें और कहीं भी अवैध रूप से मलबा डाला जाता दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

*जोन-7 को बनाया जाएगा मॉडल मलबा मुक्त जोन*
पर्यावरण अभियंता श्री संजीव प्रधान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जोन-7 को लखनऊ का पहला “मॉडल मलबा मुक्त जोन” बनाना है। जनसहभागिता और लगातार जागरूकता के माध्यम से मलबा डंपिंग की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। यह पहल स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *