यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
पानीपत, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-25 स्थित महर्षि दयानंद पार्क में योग दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
योग सत्र का संचालन ओम योगा स्टूडियो के मुख्य योग प्रशिक्षक दीपक ओम त्यागी ने आधुनिक एवं सरल तरीकों से कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पानीपत की प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गाइनकोलॉजिस्ट) डॉ. सीमा गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि अस्पतालों की लंबी लाइनों से बचना है तो प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव होता है, अनावश्यक रूप से अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और न ही बीमारियों पर धन खर्च करना पड़ता है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले 20-25 वर्षों से नियमित योग कर रही हैं, जिससे वह स्वयं को सदैव तरोताज़ा महसूस करती हैं और कभी बीमार नहीं पड़तीं।
योग प्रशिक्षक दीपक ओम त्यागी ने कहा कि जिस प्रकार बच्चे सहजता और लचीलेपन के साथ योग करते हैं, कभी हमारा शरीर भी ऐसा ही था। लेकिन गलत जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या के कारण शरीर में कठोरता आ गई है। यदि हम प्रतिदिन योग करें तो बच्चों की तरह शरीर में लचीलापन बना रहेगा और हम रोगमुक्त जीवन जी सकेंगे।
डॉ. राजवीर आर्य एवं डॉ. मुकेश आर्य ने मुख्य अतिथि डॉ. सीमा गोयल को महर्षि दयानंद सरस्वती के कालजयी ग्रंथ ‘सत्यार्थ प्रकाश’ की प्रति भेंट कर सम्मानित किया तथा डॉ राजबीर आर्य ने ओम योगा स्टूडियो के प्रशिक्षक दीपक ओम त्यागी एवं आए हुए साधकों का महर्षि दयानंद पार्क में पधारने पर स्वागत एवं धन्यवाद किया.
कार्यक्रम में मुकेश गुप्ता,गीता सैनी, दलवीर आर्य, जितेंद्र मल्होत्रा, अमन मित्तल, पवन गुप्ता, बृजेश नंदा, कुलदीप सैनी, विनोद मंगला, बलराज सैनी, निर्मल सैनी, अनिता गुलाटी, शुभम चुग, कीर्ति, तनु, प्रियंका जैन, रीना, मानसी, अनिल देशवाल, विकास गुप्ता, रमन नारंग, तरुण गुप्ता,सिमी, शिवाली , विशाखा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके साथ ही मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका की ओर से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित साधकों एवं अन्य लोगों के ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।